Breaking News

Showing posts with label covid-19. Show all posts
Showing posts with label covid-19. Show all posts

Thursday, 17 September 2020

8 महीने, 6 करोड़ कोरोना टेस्ट

8 महीने, 6 करोड़ कोरोना टेस्ट



 भारत में भले ही कोरोना वायरस संक्रमण के मामले हर दिन बढ़ रहे हैं, मगर यह भी हकीकत है कि इसके जांच की संख्या में भी पहले की तुलना में बड़ा इजाफा हुआ है। भारत में 60 मिलियन यानी 6 करोड़ से अधिक कोरोना वायरस के सैंपल की जांच की जा चुकी है। बुधवार को 11,36,613 कोरोना सैंपल की जांच की गई। इस तरह से देखा जाए तो 6,05,65,728 कोरोना टेस्ट करने में देश को करीब आठ महीने का समय लगा। भारत में पहले कोविड-19 के सैंपल का टेस्ट 23 जनवरी को पुणे स्थित भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी में किया गया था।

यहां ध्यान देने वाली बात यह है कि जनवरी में भारत के पास सिर्फ एक एनआईवी (नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी) लैब थी। तब से देश ने सरकारी और निजी क्षेत्र में कुल 1,751 लैब को अपने नेटवर्क में जोड़ा है। इनमें से सरकारी 1059 प्रयोगशाला हैं और 659 प्राइवेट प्रयोगशालाएं हैं। नाम न जाहिर होने की शर्त पर एक आईसीएमआर अधिकारी ने कहा कि कोरोना टेस्ट के लिए लैब को दैनिक आधार पर उचित अप्रूवल के बाद जोड़ा जा रहा है।

पिछले तीन सप्ताह से औसतन भारत हर दिन अब एक मलियन यानी करीब दस लाख कोरोना सैंपलों की जांच कर रहा है। इनमें आरटी-पीसीआर और रैपिड एंटीजेन टेस्ट भी शामिल हैं। 
 
आईसीएमआर द्वारा जारी डेटा के मुताबिक, कोरोना के हुए अब तक के कुल जांच में रैपिड एंटिजेन टेस्ट की भागीदारी 40 फीसदी है। देश में कोरोना टेस्ट की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। 8 अप्रैल तक कोरोना के कुल 10,000 टेस्ट किए गए थे। 3 मई तक यह आंकड़ा बढ़कर एक मिलियन (दस लाख) हो गया, 10 जून तक पांच मिलियन (पचास लाख), 7 जुलाई तक 10 मिलियन (1 करोड़) और बुधवार को कोरोना टेस्ट 60 मिलियन (6 करोड़) का आंकड़ा पार कर लिया।

केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के लेटेस्ट आंकड़ों के अनुसार, इस सप्ताह देश में किए गए औसत दैनिक कोविड-19 परीक्षणों में 29 जुलाई से 4 अगस्त के बीच 0.5 मिलियन (5,04,266) की वृद्धि देखी गई है। हालांकि, कुछ राज्यों में कोविड 19 का उच्च पॉजिटिविटी रेट चिंता का विषय है, जहां कोरोना टेस्ट बड़े पैमाने पर हो रहा है।  देश में कोरोना वायरस का पॉजिटिव रेट 8.4 फीसदी है। मगर महाराष्ट्र में यही आंकड़ा 21.5 फीसदी, आंध्र प्रदेश में 12.3 फीसदी और कर्नाटक में 12.1 फीसदी है। हालांकि, इन राज्यों में टेस्ट की रफ्तार भी बढ़ी है।



आज यानी गुरुवार को जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक, बीते 24 घंटे के बात करें तो देश में 97 हजार से अधिक नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही कुल मामलों की संख्या 51 लाख के पार कर गई है। मौत के आंकड़ों पर गौर करें तो बीते कुछ समय से रोजाना एक हजार से अधिक मरीज इस महामरी से मर रहे हैं। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, बीते 24 घंटे में कोरोना के 97,894 नए पॉजिटिव केस सामने आए हैं। इसके साथ ही 1132 मरीजों की मौत भी हो गई है।